अवैध खनन, परिवहन एवं वन भूमि अतिक्रमण पर सख्त कार्रवाई के निर्देश
कलेक्टर ने खनिज एवं वन विभाग की जिला स्तरीय टास्क फोर्स की समीक्षा बैठक ली
एडिटर इन चीफ मो. जावेद शीशगर
कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट की अध्यक्षता में बुधवार को खनिज विभाग एवं वन विभाग की जिला स्तरीय टास्क फोर्स की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में अवैध खनन, भण्डारण एवं परिवहन की रोकथाम, वन भूमि अतिक्रमण, वन सम्पदा संरक्षण तथा प्रवर्तन संबंधी कार्यवाहियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
खनिज विभाग की समीक्षा के दौरान जिला खनिज अधिकारी श्री जुवानसिंह भिड़े ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 में विभाग को 27 करोड़ रुपये के राजस्व प्राप्ति का लक्ष्य प्राप्त हुआ है, जिसके विरुद्ध अब तक 1.45 करोड़ रुपये से अधिक राजस्व प्राप्त किया जा चुका है। साथ ही अवैध खनन, भण्डारण एवं परिवहन के विरुद्ध 25 प्रकरणों में कार्रवाई की गई है।
कलेक्टर ने निर्देश दिए कि पुलिस, राजस्व एवं खनिज विभाग के संयुक्त दलों द्वारा लगातार सघन जांच एवं कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि जिले में अवैध खनन एवं परिवहन पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जाए। बिना नम्बर प्लेट अथवा नम्बर प्लेट पर कालिख पुती होने वाले वाहनों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाकर कार्रवाई करने के निर्देश भी जिला परिवहन अधिकारी को दिए गए।
वन विभाग की जिला स्तरीय टास्क फोर्स की समीक्षा में वनमंडलाधिकारी श्री भरत सोलंकी ने अवगत कराया कि जिले में अब तक 158 हेक्टेयर वन भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया गया है। इस पर कलेक्टर ने निर्देश दिए कि अतिक्रमण के मामलों में केवल बेदखली ही नहीं बल्कि प्रिवेंटिव एक्शन भी सुनिश्चित किया जाए, ताकि नवीन अतिक्रमण की स्थिति निर्मित न हो। उन्होंने मेघनगर वन क्षेत्र की चार बीटों में चिन्हित लगभग 40 हेक्टेयर वन भूमि को प्राथमिकता के आधार पर अतिक्रमण मुक्त कराने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने निर्देश दिए कि वन एवं शासकीय भूमि पर निर्मित अवैध संरचनाओं के मामलों में संबंधित एसडीएम तत्काल संज्ञान लें। ऐसे प्रकरणों में नियमानुसार नोटिस जारी कर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था एवं शांति भंग करने वाली किसी भी अवैध गतिविधि को रोकने के लिए प्रभावी कार्रवाई की जाए तथा संदिग्ध व्यक्तियों का चिन्हांकन कर उनके विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्यवाही की जाए।
बैठक में वन विभाग के रेंज अधिकारियों को साइबर तकनीक एवं डिजिटल मॉनिटरिंग से संबंधित प्रशिक्षण प्रदान करने के निर्देश दिए गए। साथ ही हाथीपावा क्षेत्र में नगर वन योजना के अंतर्गत पर्यटन विकास की संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में वन सम्पदा के अवैध परिवहन, अवैध कटाई एवं अवैध शिकार की रोकथाम संबंधी गतिविधियों की भी समीक्षा की गई तथा प्रवर्तन कार्यों को और अधिक प्रभावी बनाने पर चर्चा की गई।
बैठक में पुलिस अधीक्षक श्री देवेन्द्र पाटीदार, वनमंडलाधिकारी श्री भरत सोलंकी, अपर कलेक्टर श्री सी.एस. सोलंकी, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व झाबुआ श्री महेश मंडलोई, जिला खनिज अधिकारी श्री जुवानसिंह भिड़े सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।




