रतलाम, मध्यप्रदेश
जिला संवाददाता: दीपक सोनी
थाना बरखेड़ा कला में साइबर सुरक्षा एवं सड़क सुरक्षा को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
रतलाम। पुलिस मुख्यालय भोपाल द्वारा संचालित “सेफ़ क्लिक 2.0” साइबर अपराध जागरूकता अभियान के अंतर्गत पुलिस अधीक्षक रतलाम एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रतलाम के निर्देशन में अनुविभागीय अधिकारी पलवि गौर (एसडीओपी) आलोट द्वारा थाना बरखेड़ा कला में साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में उपस्थित नागरिकों एवं पुलिस कर्मियों को साइबर अपराधों से बचाव के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। उन्हें बताया गया कि अपना ओटीपी (OTP) किसी भी व्यक्ति के साथ साझा न करें, किसी भी अनजान लिंक या APK फाइल पर क्लिक न करें तथा किसी भी प्रकार की साइबर धोखाधड़ी होने पर तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं। इस अवसर पर सभी उपस्थितजनों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने की शपथ भी दिलाई गई।
साथ ही सड़क सुरक्षा अभियान के तहत यातायात नियमों का पालन करने, दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने, वाहन सावधानीपूर्वक चलाने तथा सड़क दुर्घटनाओं से बचाव के लिए आवश्यक सुरक्षा उपायों की विस्तृत जानकारी भी प्रदान की गई।




