साइबर जागरूकता अभियान “सेफ क्लिक 2.0” के तहत झाबुआ पुलिस का व्यापक जनजागरूकता अभियान जारी
धार्मिक स्थलों पर जनजागरूकता, गांव-गांव पहुंचकर साइबर अपराधों से बचाव का दिया संदेश।
रणवीर सिंह सिसोदिया जिला ब्यूरो झाबुआ
मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा संचालित 15 दिवसीय साइबर जागरूकता अभियान “सेफ क्लिक 2.0” के अंतर्गत झाबुआ पुलिस द्वारा जिलेभर में व्यापक जनजागरूकता गतिविधियां निरंतर संचालित की जा रही हैं। 24 जून 2026 से प्रारंभ हुए इस अभियान का उद्देश्य आमजन को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक कर सुरक्षित डिजिटल वातावरण का निर्माण करना है।
पुलिस अधीक्षक *श्री देवेंद्र पाटीदार* के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक *श्री प्रतिपाल सिंह महोबिया* के मार्गदर्शन में जिले के समस्त थाना एवं चौकी क्षेत्रों में साइबर सुरक्षा संबंधी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। साथ ही साइबर जागरूकता रथ एवं रक्षा सखी टीम द्वारा गांव-गांव एवं प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर पहुंचकर नागरिकों को साइबर अपराधों से बचाव के उपायों की जानकारी दी जा रही है।
अभियान के दसवें दिन धार्मिक स्थलों एवं सामुदायिक केंद्रों में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान श्रद्धालुओं एवं आमजन को साइबर सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण संदेश दिए गए। साथ ही सामुदायिक उद्घोषणाएं कर साइबर अपराधों से बचाव के उपाय बताए गए तथा जागरूकता पम्पलेट वितरित किए गए। कार्यक्रमों में नागरिकों की सक्रिय सहभागिता देखने को मिली।
झाबुआ पुलिस द्वारा सोशल मीडिया के माध्यम से भी लगातार साइबर सुरक्षा संबंधी संदेश प्रसारित किए जा रहे हैं। नागरिकों को समझाइश दी गई कि वे किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ अपने बैंक खाते की गोपनीय जानकारी, ओटीपी, पासवर्ड अथवा यूपीआई पिन साझा न करें। किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से पूर्व उसकी सत्यता अवश्य जांचें तथा ऑनलाइन ठगी की स्थिति में तत्काल *राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (NCRP) एवं साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930* पर शिकायत दर्ज कराएं।
जागरूकता कार्यक्रम के तहत जिले के समस्त थाना चौकी क्षेत्रों में 26 जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर लगभग 2977 नागरिकों को जागरूक किया गया।
इस अवसर पर पुलिस अधिकारियों ने कहा कि डिजिटल युग में थोड़ी-सी सतर्कता बड़े आर्थिक एवं सामाजिक नुकसान से बचा सकती है। इसलिए प्रत्येक नागरिक, विशेषकर विद्यार्थी, महिलाएं एवं अभिभावक, साइबर सुरक्षा के प्रति सजग रहें तथा किसी भी संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।
झाबुआ पुलिस का साइबर जागरूकता अभियान “सेफ क्लिक 2.0” आगामी दिनों में भी जिलेभर में निरंतर जारी रहेगा, ताकि अधिक से अधिक नागरिकों को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक कर सुरक्षित एवं सशक्त डिजिटल समाज का निर्माण किया जा सके।





