Home » मध्य प्रदेश » कलेक्टर ने विद्यालयों एवं स्वास्थ्य संस्थान का किया औचक निरीक्षण अनुपस्थित शिक्षक पर नाराजगी, जर्जर भवन हटाने, स्वच्छता एवं आधारभूत सुविधाएं सुदृढ़ करने के दिए निर्देश

कलेक्टर ने विद्यालयों एवं स्वास्थ्य संस्थान का किया औचक निरीक्षण अनुपस्थित शिक्षक पर नाराजगी, जर्जर भवन हटाने, स्वच्छता एवं आधारभूत सुविधाएं सुदृढ़ करने के दिए निर्देश

Spread the love

कलेक्टर ने विद्यालयों एवं स्वास्थ्य संस्थान का किया औचक निरीक्षण

अनुपस्थित शिक्षक पर नाराजगी, जर्जर भवन हटाने, स्वच्छता एवं आधारभूत सुविधाएं सुदृढ़ करने के दिए निर्देश

रणवीर सिंह सिसोदिया जिला ब्यूरो प्रदेश की कलम 24×7

झाबुआ, 08 जुलाई 2026। कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट ने जिले के विभिन्न शैक्षणिक एवं स्वास्थ्य संस्थानों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यालयों में शैक्षणिक गतिविधियों, विद्यार्थियों की उपस्थिति, आधारभूत सुविधाओं, स्वच्छता एवं मध्याह्न भोजन व्यवस्था का अवलोकन किया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण की शुरुआत उत्कृष्ट प्राथमिक विद्यालय खरडू छोटी से हुई। विद्यालय में शिक्षक श्री मोहम्मद शाह अनुपस्थित पाए जाने पर कलेक्टर ने नाराजगी व्यक्त की। निरीक्षण के दौरान यह भी पाया गया कि विद्यालय भवन जर्जर होने के कारण विद्यार्थियों को भवन के बाहर बैठाकर अध्ययन कराया जा रहा है। इस पर कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को जर्जर भवन को डिस्मेंटल (ध्वस्त) करने की आवश्यक कार्यवाही शीघ्र सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि विद्यार्थियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

इसके पश्चात कलेक्टर ने शासकीय उत्कृष्ट माध्यमिक विद्यालय खरडू बड़ी का निरीक्षण किया। उन्होंने कक्षाओं में जाकर विद्यार्थियों से संवाद किया तथा बच्चों से पाठ्यपुस्तक का वाचन करवाकर उनकी शैक्षणिक गुणवत्ता का आकलन किया। उन्होंने शिक्षकों को विद्यार्थियों की नियमित पढ़ाई पर विशेष ध्यान देने तथा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने इसके बाद पीएम श्री शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पारा का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान विद्यालय परिसर एवं आसपास गंदगी पाए जाने पर उन्होंने संबंधित ग्राम पंचायत सचिव को तत्काल साफ-सफाई कराने तथा विद्यालय परिसर को स्वच्छ एवं व्यवस्थित बनाए रखने के निर्देश दिए।

दौरे के दौरान कलेक्टर ने सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पारा का भी निरीक्षण किया। उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं एवं संस्थान की व्यवस्थाओं का अवलोकन कर आवश्यक निर्देश प्रदान किए, ताकि आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।

इसके उपरांत कलेक्टर एकीकृत शासकीय नवीन माध्यमिक विद्यालय झुमका पहुंचे, जहां उन्होंने विद्यार्थियों के साथ बैठकर मध्याह्न भोजन ग्रहण किया तथा भोजन की गुणवत्ता ठीक नहीं होने पर समूह को नोटिस देने के निर्देश दिए। उन्होंने विद्यालय में रसोईघर (किचन) के अभाव को देखते हुए ग्राम पंचायत के सरपंच को शीघ्र किचन निर्माण कराने के निर्देश दिए, जिससे मध्याह्न भोजन व्यवस्था और अधिक व्यवस्थित एवं सुरक्षित रूप से संचालित हो सके।

निरीक्षण के अंतिम चरण में कलेक्टर ने एकीकृत शासकीय हाई स्कूल पिथनपुर का निरीक्षण कर विद्यालय की शैक्षणिक एवं आधारभूत व्यवस्थाओं का अवलोकन किया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक सुधारात्मक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने सभी विद्यालयों के शिक्षकों एवं संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने, विद्यालयों में स्वच्छता बनाए रखने तथा आवश्यक मूलभूत सुविधाएं समयबद्ध रूप से उपलब्ध कराने में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाए। उन्होंने कहा कि शासकीय संस्थानों का नियमित निरीक्षण निरंतर जारी रहेगा तथा लापरवाही पाए जाने पर संबंधितों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Facebook
X
WhatsApp

203K

Facebook Fans

103K

Followers

203K

Subscriber

113K

Followers

[democracy id="1"]