Home » झाबुआ » झाबुआ में उत्साहपूर्वक मनाया स्वतंत्रता दिवस

झाबुआ में उत्साहपूर्वक मनाया स्वतंत्रता दिवस

Spread the love

झाबुआ में उल्लासपूर्वक मना स्वतंत्रता दिवस

मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया ने 80वें स्वतंत्रता दिवस पर किया ध्वजारोहण, परेड की ली सलामी

देशभक्ति, अनुशासन और सांस्कृतिक रंगों से सजा झाबुआ का स्वतंत्रता दिवस समारोह

जिले में हर्षोल्लास और उमंग के साथ मनाया गया स्वतंत्रता दिवस, बरसते पानी में भी कम नहीं हुआ देशभक्ति का जोश

रणवीर सिंह सिसोदिया ब्यूरो चीफ 

झाबुआ, 15 अगस्त 2026। जिले में 80वां स्वतंत्रता दिवस शनिवार को पूरे हर्षोल्लास, उमंग और देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। जिला स्तरीय मुख्य समारोह डीआरपी लाइन परेड ग्राउंड, झाबुआ में महिला एवं बाल विकास विभाग मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया के मुख्य आतिथ्य में आयोजित हुआ। समारोह के दौरान रुक-रुककर बरसते पानी के बावजूद प्रतिभागियों और उपस्थित नागरिकों का उत्साह कम नहीं हुआ। हाथों में तिरंगा, अनुशासित परेड, देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और राष्ट्रप्रेम के उल्लास ने पूरे परिसर को स्वतंत्रता दिवस के रंग में रंग दिया।

*ध्वजारोहण के साथ गूंजा राष्ट्रगान*

 

मुख्य अतिथि मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया ने डीआरपी लाइन परेड ग्राउंड में राष्ट्रीय ध्वज फहराया। ध्वजारोहण के उपरांत पुलिस बैंड द्वारा राष्ट्रगान की धुन बजाई गई। इस दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों-कर्मचारियों, विद्यार्थियों एवं नागरिकों ने राष्ट्रध्वज को नमन कर देश की स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले अमर सेनानियों और वीर बलिदानियों का स्मरण किया।

*मंत्री सुश्री भूरिया ने ली परेड की सलामी*

 

समारोह में सुरक्षा बलों की टुकड़ियों द्वारा हर्ष फायर कर स्वतंत्रता दिवस का जयघोष किया गया। मुख्य अतिथि मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया ने आकर्षक एवं अनुशासित परेड की सलामी ली। इसके पश्चात उन्होंने परेड कमांडरों से परिचय प्राप्त किया। बारिश के बीच भी परेड में शामिल जवानों, एनसीसी कैडेट्स, स्काउट-गाइड एवं विद्यार्थियों का अनुशासन और उत्साह देखते ही बना।

*स्वतंत्रता सेनानियों, पद्मश्री सम्मानित व्यक्तित्वों एवं शहीदों के परिजनों का सम्मान*

 

स्वतंत्रता दिवस के गौरवपूर्ण अवसर पर मंत्री सुश्री भूरिया द्वारा स्वतंत्रता सेनानियों, जिले के पद्मश्री सम्मानित व्यक्तित्वों तथा शहीदों के परिजनों का सम्मान किया गया। उन्हें पुष्पमाला, श्रीफल एवं शॉल भेंट कर राष्ट्र एवं समाज के प्रति उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया।

 

*मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के संदेश का हुआ सीधा प्रसारण*

 

समारोह में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के स्वतंत्रता दिवस संदेश का भोपाल के लाल परेड ग्राउंड से सीधा प्रसारण किया गया। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए प्रदेश की विकास यात्रा, जनकल्याणकारी योजनाओं और सरकार की प्राथमिकताओं से अवगत कराया। उपस्थित जनसमुदाय ने मुख्यमंत्री के संदेश का प्रसारण देखा एवं सुना।

 

*मंत्री सुश्री भूरिया ने जिलेवासियों को दी स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं*

 

मुख्य अतिथि मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया ने जिलेवासियों को 80वें स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने जिले में विगत वर्ष के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में अर्जित उपलब्धियों एवं विकास कार्यों की जानकारी का वाचन किया। इस अवसर पर मंत्री सुश्री भूरिया ने अनेकता में एकता और उल्लास के प्रतीक रंग-बिरंगे गुब्बारों को खुले आकाश में मुक्त किया।

 

*जिले की विकास गाथा पुस्तिका का किया गया वितरण*

 

स्वतंत्रता दिवस समारोह में जिले की विकास यात्रा और उपलब्धियों पर आधारित ‘विकास गाथा’ पुस्तिका का वितरण अतिथियों एवं उपस्थितजनों को किया गया। पुस्तिका में जिले की सामान्य जानकारी के साथ विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति एवं उपलब्धियों, अधोसंरचना विकास, उद्योग एवं निवेश, शिक्षा, कृषि, सुलभ स्वास्थ्य सेवाओं, सुशासन तथा जिले में किए जा रहे नवाचारों को समाहित किया गया है।

 

*विद्यार्थियों ने दी देशभक्ति से ओत-प्रोत प्रस्तुतियां*

 

समारोह का विशेष आकर्षण विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत पी.टी. प्रदर्शन एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम रहे। जनजातीय कार्य विभाग के मार्गदर्शन में बड़ी संख्या में स्कूली छात्र-छात्राओं ने सामूहिक पी.टी. प्रदर्शन के माध्यम से अनुशासन, समन्वय एवं शारीरिक क्षमता का परिचय दिया। बारिश के बावजूद विद्यार्थियों का उत्साह कम नहीं हुआ और उन्होंने पूरे जोश के साथ अपनी प्रस्तुतियां पूर्ण कीं।

 

इसके पश्चात विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने देशभक्ति, वीरता, राष्ट्रीय एकता, भारतीय संस्कृति एवं जिले की जनजातीय परंपराओं पर आधारित मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। पीएम श्री शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय झाबुआ के बैंड दल ने शानदार प्रस्तुति दी। इंदौर पब्लिक स्कूल झाबुआ के विद्यार्थियों ने अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद के जीवन एवं बलिदान को मंच पर जीवंत किया। पीएम श्री एकीकृत शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय रातीतलाई ने सैन्य सेवा एवं राष्ट्ररक्षा में सैनिकों के योगदान पर आधारित प्रस्तुति दी।

 

इसी क्रम में पीएम श्री शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय झाबुआ के विद्यार्थियों ने देश की अखंडता एवं आचार्य चाणक्य पर आधारित प्रस्तुति दी। कन्या शिक्षा परिसर रोटला के विद्यार्थियों ने अनेकता में एकता एवं योग पर आकर्षक प्रस्तुति दी, जबकि कन्या महाविद्यालय बालिका छात्रावास की छात्राओं ने जिले की समृद्ध जनजातीय संस्कृति को नृत्य के माध्यम से प्रस्तुत कर उपस्थितजनों का मन मोह लिया।

 

*कन्या शिक्षा परिसर रोटला की प्रस्तुति रही प्रथम*

 

सांस्कृतिक कार्यक्रमों में कन्या शिक्षा परिसर रोटला ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। द्वितीय स्थान पीएम श्री शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय झाबुआ एवं कन्या महाविद्यालय बालिका छात्रावास ने संयुक्त रूप से प्राप्त किया, जबकि इंदौर पब्लिक स्कूल झाबुआ ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विजेता दलों को मुख्य अतिथि द्वारा पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।

 

*उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारी हुए सम्मानित*

 

स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान विभिन्न विभागों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले शासकीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भी मुख्य अतिथि मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया द्वारा पुरस्कृत एवं सम्मानित किया गया। उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों की सेवाओं की सराहना करते हुए उन्हें आगे भी इसी समर्पण और सेवाभाव के साथ कार्य करने के लिए प्रोत्साहित किया गया।

 

*परेड में जिला पुलिस महिला बल ने प्राप्त किया प्रथम स्थान*

 

परेड प्रदर्शन की सीनियर श्रेणी में जिला पुलिस महिला बल झाबुआ ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। विशेष सशस्त्र बल 24वीं वाहिनी बी कंपनी कैंप झाबुआ ने द्वितीय तथा जिला पुलिस बल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

 

जूनियर श्रेणी में एनसीसी जूनियर सांदीपनि विद्यालय झाबुआ ने प्रथम, पीएम श्री शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय झाबुआ के गाइड दल ने द्वितीय तथा जूनियर गाइड दल माधोपुरा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले दलों को मुख्य अतिथि द्वारा पुरस्कार प्रदान किए गए।

 

*बारिश भी नहीं रोक सकी देशभक्ति का उत्साह*

 

स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान बारिश के बावजूद परेड ग्राउंड पर देशभक्ति का उत्साह लगातार बना रहा। स्कूली छात्र-छात्राओं से लेकर परेड में शामिल जवानों और उपस्थित नागरिकों तक सभी ने पूरे उत्साह के साथ समारोह में सहभागिता की। बरसते पानी के बीच अनुशासित परेड और विद्यार्थियों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने स्वतंत्रता दिवस समारोह को विशेष बना दिया। तिरंगे के सम्मान और राष्ट्रप्रेम की भावना के साथ पूरा डीआरपी लाइन परेड ग्राउंड देशभक्ति के रंग में सराबोर नजर आया।

 

समारोह में जनप्रतिनिधिगण, कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट, पुलिस अधीक्षक श्री देवेन्द्र पाटीदार, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री जितेन्द्र सिंह चौहान, अपर कलेक्टर श्री सी एस सोलंकी सहित विभिन्न विभागों के प्रशासनिक अधिकारी-कर्मचारी, पत्रकार बंधु, स्कूली छात्र-छात्राएं, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।

Facebook
X
WhatsApp

203K

Facebook Fans

103K

Followers

203K

Subscriber

113K

Followers

[democracy id="1"]