रतलाम मध्यप्रदेश
जिला सवांददाता दीपक सोनी
म.प्र. पर्यटन क्विज प्रतियोगिता में 169 विद्यालयों के 507 विद्यार्थियों ने लिया हिस्सा
अग्रवाल विद्या मंदिर रतलाम प्रथम, महावीर जैन विद्या मंदिर ताल द्वितीय एवं शा. सांदीपनी विनोबा रतलाम तृतीय स्थान पर

रतलाम, 8 अगस्त 2026। म.प्र. पर्यटन विभाग के निर्देशानुसार जिला पुरातत्व, पर्यटन एवं संस्कृति परिषद रतलाम द्वारा कलेक्टर श्री अजय कटेसरिया के मार्गदर्शन में म.प्र. पर्यटन क्विज प्रतियोगिता 2026 का आयोजन शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, सागोद रोड रतलाम में किया गया। कार्यक्रम में नगर निगम अध्यक्ष श्रीमती मनीषा शर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों को मध्यप्रदेश के समृद्ध इतिहास, सांस्कृतिक विरासत, ऐतिहासिक धरोहरों, कला, प्राकृतिक संपदा, महापुरुषों एवं पर्यटन संभावनाओं से परिचित कराना तथा पर्यटन के माध्यम से सीखने की प्रक्रिया को बढ़ावा देना था।

प्रतियोगिता में जिले के 241 विद्यालयों से पंजीयन प्राप्त हुए, जिनमें से 169 विद्यालयों के 507 विद्यार्थियों ने भाग लिया। लिखित परीक्षा के बाद 6 सर्वश्रेष्ठ टीमों का चयन मल्टीमीडिया क्विज राउंड के लिए किया गया।
प्रतियोगिता में अग्रवाल विद्या मंदिर रतलाम ने प्रथम, श्री महावीर जैन विद्या मंदिर ताल ने द्वितीय तथा शासकीय सांदीपनी विनोबा रतलाम ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
उपविजेता वर्ग में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय प्रीतमनगर रतलाम प्रथम, शासकीय सांदीपनी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बिरमावल द्वितीय तथा शासकीय हाई स्कूल मऊ तृतीय स्थान पर रहे।
जिले की शीर्ष तीन विजेता टीमों को म.प्र. राज्य पर्यटन विकास निगम के होटलों में 2 रात्रि एवं 3 दिन ठहरने के कूपन, प्रमाणपत्र एवं मेडल प्रदान किए गए। वहीं अन्य तीन उपविजेता टीमों को 1 रात्रि एवं 2 दिन ठहरने के कूपन, प्रमाणपत्र और मेडल दिए गए। सभी प्रतिभागियों को भी प्रमाणपत्र प्रदान किए गए।
कार्यक्रम का संचालन एवं मल्टीमीडिया क्विज का संचालन क्विज मास्टर डॉ. ललित मेहता द्वारा किया गया।




