Home » झाबुआ » कलेक्टर कार्यालय में गरिमामय रूप से मनाया गया 80वा स्वतंत्रता दिवस

कलेक्टर कार्यालय में गरिमामय रूप से मनाया गया 80वा स्वतंत्रता दिवस

Spread the love

कलेक्टर कार्यालय में गरिमामय रूप से मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस

 

कलेक्टर ने किया ध्वजारोहण, उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को प्रदान किए प्रशस्ति प्रमाण-पत्र

रणवीर सिंह सिसोदिया ब्यूरो चीफ 

झाबुआ, 15 अगस्त 2026। कलेक्टर कार्यालय झाबुआ में 80वां स्वतंत्रता दिवस गरिमामय एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी डॉ. योगेश तुकाराम भरसट ने कलेक्टर कार्यालय परिसर में राष्ट्रीय ध्वज फहराया। ध्वजारोहण के पश्चात उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा सामूहिक रूप से राष्ट्रगान का गायन किया गया। इस अवसर पर कलेक्टर डॉ. भरसट ने राष्ट्रीय एकता, सद्भाव और विविधता के प्रतीक रंग-बिरंगे गुब्बारे आकाश में छोड़े। 

इस वर्ष स्वतंत्रता दिवस समारोह की एक विशेष उपलब्धि के रूप में ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में पहली बार स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सामूहिक रूप से ‘वंदे मातरम्’ का गायन किया गया। उपस्थित अधिकारी – कर्मचारियों ने पूरे उत्साह और राष्ट्रभाव के साथ वंदे मातरम् का गायन कर मातृभूमि के प्रति सम्मान एवं समर्पण व्यक्त किया।

कलेक्टर डॉ. भरसट ने सभी अधिकारी-कर्मचारियों एवं जिलेवासियों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमें देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले महान स्वतंत्रता सेनानियों और वीर बलिदानियों के त्याग एवं संघर्ष का स्मरण कराता है। हम सभी का दायित्व है कि अपने कर्तव्यों का पूरी निष्ठा, ईमानदारी और संवेदनशीलता के साथ निर्वहन करते हुए जिले एवं प्रदेश के विकास में योगदान दें। शासकीय सेवक के रूप में हमारी प्राथमिकता आमजन को समय पर बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराना और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना होना चाहिए।

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर कलेक्टर कार्यालय में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को कलेक्टर डॉ. भरसट द्वारा प्रशस्ति प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। उन्होंने सम्मानित अधिकारी-कर्मचारियों के कार्यों की सराहना करते हुए सभी को इसी प्रकार समर्पण एवं कर्तव्यनिष्ठा के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया।

 

इस अवसर पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री जितेन्द्र सिंह चौहान, अपर कलेक्टर श्री सी एस सोलंकी सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी, कलेक्टर कार्यालय के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर कलेक्टर कार्यालय परिसर की विशेष सजावट भी की गई, जिससे पूरा परिसर राष्ट्रभक्ति के रंग में सराबोर नजर आया।

Facebook
X
WhatsApp

203K

Facebook Fans

103K

Followers

203K

Subscriber

113K

Followers

[democracy id="1"]