महाकाल मंदिर में सावन के पावन माह में नंदी महाराज ने किए महाकाल के दर्शन
झभुआ से चंद्रशेखर राठौर
पेटलावद/झकनावदा। सावन माह के पावन अवसर पर झकनावदा स्थित प्राचीन महाकाल शिव मंदिर में रविवार सुबह एक अद्भुत दृश्य देखने को मिला। एक नंदी (बैल) मंदिर में प्रवेश कर सीधे भगवान महाकाल के समक्ष पहुंचा और काफी देर तक शांत भाव से शिवलिंग की ओर निहारता रहा। इसके बाद वह मंदिर परिसर में ही बैठ गया। इस दृश्य को देखकर उपस्थित श्रद्धालु आश्चर्यचकित रह गए और इसे भगवान शिव की विशेष कृपा का संकेत मानने लगे।
गांव के श्रद्धालु विकास राठौड़ ने बताया कि सुबह मंदिर में दर्शन के दौरान यह अद्भुत नजारा देखने को मिला। उन्होंने कहा कि नंदी महाराज का इस प्रकार मंदिर में आकर लंबे समय तक महादेव के समक्ष शांत भाव से खड़े रहना सभी के लिए आस्था और श्रद्धा का विषय बन गया। उपस्थित कई श्रद्धालुओं ने इसे ऐसा अनुभव बताया, मानो स्वयं महादेव अपने भक्तों को दर्शन देने आए हों।
सावन माह में भगवान शिव की विशेष आराधना के बीच इस घटना ने मंदिर में मौजूद श्रद्धालुओं की श्रद्धा और भक्ति को और अधिक प्रगाढ़ कर दिया।




