मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान-2026 के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु मुख्य सचिव ने दिए दिशा-निर्देश
7 अगस्त से 8 जनवरी तक चलेगा मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान-2026
रणवीर सिंह सिसोदिया जिला ब्यूरो

झाबुआ, 29 जुलाई 2026। मुख्य सचिव श्री अशोक बर्णवाल की अध्यक्षता में बुधवार को वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान-2026 के प्रभावी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन के संबंध में विस्तृत समीक्षा की गई। वीडियो कॉन्फ्रेंस में अभियान के संचालन, क्षेत्र भ्रमण, जनसंवाद, शिकायतों के निराकरण तथा विभिन्न विभागीय व्यवस्थाओं को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
मुख्य सचिव ने बताया कि मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान-2026 आगामी 7 अगस्त 2026 से 8 जनवरी 2027 तक संचालित किया जाएगा। अभियान के अंतर्गत प्रत्येक सप्ताह शुक्रवार को मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान दिवस के रूप में मनाया जाएगा। इस दिन (अपरिहार्य परिस्थितियों को छोड़कर) किसी भी स्तर पर समीक्षा बैठकों का आयोजन नहीं किया जाएगा तथा पूरा दिन क्षेत्रीय भ्रमण, निरीक्षण एवं जनसंवाद को समर्पित रहेगा।
उन्होंने निर्देश दिए कि प्रत्येक शुक्रवार को जिला कलेक्टर के नेतृत्व में जिला प्रशासन के अधिकारी पूर्व निर्धारित रोस्टर के अनुसार ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्रों, दूरस्थ एवं समीपस्थ अंचलों का भ्रमण करेंगे। भ्रमण कार्यक्रम का निर्धारण पूर्व से किया जाएगा तथा इसकी जानकारी कम से कम एक सप्ताह पूर्व सार्वजनिक की जाएगी, जिससे जनप्रतिनिधियों एवं आम नागरिकों को समय पर सूचना उपलब्ध हो सके।
मुख्य सचिव ने निर्देशित किया कि जिस क्षेत्र का भ्रमण प्रस्तावित हो, वहां की सीएम हेल्पलाइन, जनसुनवाई एवं लोक सेवा गारंटी अधिनियम के लंबित प्रकरणों की विभागवार समीक्षा कर भ्रमण से पूर्व अधिकतम शिकायतों का निराकरण सुनिश्चित किया जाए। शेष प्रकरणों का निराकरण मौके पर ही कराया जाए।
उन्होंने कहा कि अभियान के दौरान आम नागरिकों के साथ जनसंवाद तथा उद्यमियों के साथ उद्यम संवाद आयोजित किए जाएंगे, जिनमें शासन की योजनाओं के क्रियान्वयन, स्थानीय समस्याओं, लंबित स्वीकृतियों एवं विभिन्न विभागीय सेवाओं से संबंधित विषयों पर चर्चा कर त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।
वीडियो कॉन्फ्रेंस में अभियान के दौरान विभिन्न विभागों के निरीक्षण एवं समीक्षा के लिए निर्धारित प्रमुख बिंदुओं पर भी विस्तार से चर्चा की गई। इनमें सीएम हेल्पलाइन एवं जनसुनवाई के लंबित प्रकरणों का निराकरण, लोक सेवा गारंटी अधिनियम के प्रकरण, राजस्व संबंधी नामांतरण, सीमांकन एवं बंटवारा, किसानों की फार्मर आईडी, आयुष्मान कार्ड, समग्र आईडी ई-केवाईसी, प्रधानमंत्री आवास योजना, जल जीवन मिशन, आंगनबाड़ी, स्वास्थ्य संस्थान, स्कूल एवं कॉलेज, सार्वजनिक वितरण प्रणाली, शासकीय परिसंपत्तियों, शासकीय एवं निजी संस्थानों का निरीक्षण, कानून व्यवस्था की समीक्षा तथा सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के लाभार्थियों की स्थिति का परीक्षण प्रमुख रूप से शामिल रहेगा।
मुख्य सचिव ने स्पष्ट निर्देश दिए कि अभियान के अंतर्गत आयोजित सभी कार्यक्रम सादगी एवं मितव्ययिता के साथ आयोजित किए जाएं। सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग नहीं किया जाए, सार्वजनिक अधोसंरचनाओं का ही उपयोग किया जाए तथा अनावश्यक सजावट एवं व्यय से बचा जाए। भ्रमण के दौरान वाहन पूलिंग को बढ़ावा देते हुए वाहनों की संख्या भी सीमित रखी जाए।
उन्होंने बताया कि अभियान के अंतर्गत प्रत्येक सप्ताह आयोजित क्षेत्र भ्रमण एवं प्रकरणों के निराकरण की राज्य स्तर पर नियमित मॉनीटरिंग की जाएगी। जिलों के प्रदर्शन का मूल्यांकन लंबित एवं निराकृत प्रकरणों के तुलनात्मक विश्लेषण के आधार पर किया जाएगा। अभियान की समीक्षा समय-समय पर मुख्यमंत्री एवं मुख्य सचिव स्तर पर की जाएगी।
मुख्य सचिव ने कहा कि मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान-2026 के चार प्रमुख स्तंभ संवाद, समाधान, संवेदनशीलता एवं सादगी हैं। यह अभियान पारदर्शी, जवाबदेह एवं जन-केंद्रित प्रशासन की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने सभी अधिकारियों को अभियान के दिशा-निर्देशों का गंभीरता एवं प्रतिबद्धता के साथ पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस दौरान कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री जितेन्द्रसिंह चौहान, अपर कलेक्टर श्री सी एस सोलंकी, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व झाबुआ श्री महेश मंडलोई एवं अन्य अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।




