सीएमएचओ ने किया स्वास्थ्य केंद्र धमना का निरीक्षण
स्वास्थ्य सेवाओं और कार्यक्रमों की समीक्षा कर दिए आवश्यक निर्देश
ब्यूरो चीफ ओमप्रकाश मेहरा
कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह के निर्देशन में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी नरसिंहपुर डॉ. मनीष कुमार मिश्रा ने बुधवार को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र धमना का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्वास्थ्य केंद्र में उपलब्ध सेवाओं और विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
सीएमएचओ डॉ. मिश्रा ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप स्वास्थ्य केंद्र पर आने वाले प्रत्येक मरीज को गुणवत्तापूर्ण, समयबद्ध एवं बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना हमारी प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने विशेष रूप से निर्देश दिए कि सभी गर्भवती महिलाओं की निर्धारित समय पर चार एएनसी जांच सुनिश्चित की जाए।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने दस्तक अभियान, नियमित टीकाकरण, एचआईवी एवं सिफलिस स्क्रीनिंग, वर्षा ऋतु में होने वाली मौसमी बीमारियों की रोकथाम, एंटी स्नेक वेनम की उपलब्धता, आवश्यक दवाईयों का भंडारण, मानव संसाधन तथा प्रयोगशाला सेवाओं की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से इन सभी विषयों पर चर्चा करते हुए व्यवस्थाओं को और अधिक प्रभावी एवं जनहितकारी बनाने के निर्देश दिए। डॉ. मिश्रा ने कहा कि आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।




