*जल गंगा संवर्धन अभियान का समापन: गंधर्व नदी के शिवालय घाट पर गंगा आरती, साफ-सफाई एवं संगोष्ठी का आयोजन*
संवाददाता भगवान मुजाल्दा –
*गंधवानी* — मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद, विकासखंड गंधवानी द्वारा 19 मार्च से 30 जून 2026 तक चलाए गए “जल गंगा संवर्धन अभियान” का समापन जनपद पंचायत सभाकक्ष में संगोष्ठी के साथ किया गया। इसके बाद गंधर्व नदी के शिवालय घाट पर साफ-सफाई, दीप जलाकर रंगोली, गंगा आरती एवं जल संरक्षण का संकल्प दिलाया गया।
*उपस्थित अतिथि*
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि राष्ट्रीय स्वयंसेविका ज्योति सोनी, भाजपा जिला उपाध्यक्ष राकेश मोटसरा, किसान मोर्चा जिला अध्यक्ष मोहन मुलेवा, गायत्री परिवार ट्रस्ट अध्यक्ष मोहनलाल पाटीदार, सांसद प्रतिनिधि सदाशिव बर्फा, जलपुरुष, युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष शांतिलाल इखे, मंडल महामंत्री भारत भिड़े, वरिष्ठ सामाजिक कार्यकर्ता शिवपाल आर्य, हरिओम मालवीय, नवांकुर सखी पियू गुप्ता, चंदा पाटीदार, पूजा मालवीय विरज ठाकुर सहित सामाजिक कार्यकर्ता, अधिकारी-कर्मचारी, नवांकुर संस्थाओं, प्रस्फुटन समितियों, मेंटर्स, मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास पाठ्यक्रम के छात्र-छात्राएं एवं विभिन्न सामाजिक संगठन उपस्थित रहे।
*कार्यक्रम की रूपरेखा*
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया। अतिथियों का श्रीफल से स्वागत किया गया। कार्यक्रम की रूपरेखा एवं स्वागत भाषण विकासखंड समन्वयक दयाराम मुवेल ने दिया। उन्होंने विकासखंड में 19 मार्च से 30 जून 2026 तक “जल गंगा संवर्धन अभियान” के अंतर्गत किए गए कार्यों की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की।
*वक्ताओं के विचार*
वक्ता राकेश मोटसरा ने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य जल संरक्षण, वर्षा जल संचयन, पारंपरिक जल स्रोतों का संरक्षण एवं पुनर्जीवन तथा जनसामान्य में जल के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।
अभियान के दौरान ग्राम विकास प्रस्फुटन समितियों की सहभागिता से तालाबों, कुओं, बावड़ियों एवं अन्य जल स्रोतों की साफ-सफाई, गहरीकरण, मरम्मत तथा संरक्षण संबंधी कार्य किए गए। इसके साथ ही जल संरक्षण विषयक रैलियां, संगोष्ठियां, शपथ ग्रहण कार्यक्रम एवं जनजागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया गया।
वक्ता मोहनलाल पाटीदार ने अभियान के माध्यम से जल संरक्षण के महत्व का व्यापक प्रचार-प्रसार किया और सभी नागरिकों से वर्षा जल संचयन करने, जल का विवेकपूर्ण उपयोग करने और जल स्रोतों को प्रदूषण से बचाने की अपील की।
मुख्य वक्ता ज्योति दीदी ने कहा कि जल गंगा संवर्धन अभियान में पंचतत्वों में से जल तत्व के संरक्षण को प्राथमिकता दी गई है। भविष्य की पीढ़ियों के लिए जल संसाधनों का संरक्षण सुनिश्चित करना प्रत्येक व्यक्ति के लिए महत्वपूर्ण है।
*सम्मान*
अभियान में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों को अतिथियों द्वारा श्रीफल एवं गमछा भेंट कर सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वालों में सदाशिव बर्फा – बावड़ी संवर्धन, कुआं-बावड़ी साफ-सफाई एवं जल स्रोत पूजन, कलश यात्रा; भारत भिड़े – ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति अवल्दामान; जामसिंह भंवर – बलवारी कला; राजू डोडवे – वासली; दिनेश जमरा – कटारपुरा; पवन प्रजापत – गंधवानी; नवांकुर संस्थाओं से संतोष सावरा, भारत डोडवे, लक्ष्मण सिंह अखाड़े; मेंटर्स चत्तरसिंह वास्केल, राजेश गहलोत, रामकुंवर रावत, क्षमा पांडेय, मदनलाल चौहान – APO जनपद पंचायत शामिल हैं।
*कार्यक्रम संचालन*
कार्यक्रम का संचालन नवांकुर संस्था “रोहिण सामाजिक विकास समिति” के अध्यक्ष दिनेश सिंगार ने किया। आभार व्यक्त विकासखंड समन्वयक दयाराम मुवेल ने किया।




