पुलिस लाइन झाबुआ में “नशे से दूरी है जरूरी 2.0” अभियान पर सम्मान समारोह आयोजित
अभियान में उत्कृष्ट सहभागिता करने वाले प्रतिभागियों को माननीय कैबिनेट मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया ने प्रदान किए प्रशस्ति पत्र
“ हर घर तिरंगा” एवं राष्ट्रगीत “वंदे मातरम्” के 150 वर्ष पूर्ण होने पर दिया राष्ट्रभक्ति एवं राष्ट्रीय एकता का संदेश
रणवीर सिंह सिसोदिया जिला ब्यूरो झाबुआ
माननीय मुख्यमंत्री मध्यप्रदेश शासन *डॉ. मोहन यादव जी की प्रेरणा* तथा मध्यप्रदेश पुलिस महानिदेशक *श्री कैलाश मकवाना के निर्देशन* में प्रदेशभर में दिनांक *15 जुलाई से 30 जुलाई 2026* तक *“नशे से दूरी है जरूरी 2.0”* नशा मुक्ति एवं जन-जागरूकता अभियान संचालित किया गया।

इसी अभियान के उपलक्ष्य में *पुलिस लाइन झाबुआ में सम्मान समारोह* का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में माननीय कैबिनेट मंत्री मध्यप्रदेश शासन *सुश्री निर्मला भूरिया*, पुलिस अधीक्षक झाबुआ *श्री देवेंद्र पाटीदार*, एडीएम *श्री सी.एस. सोलंकी*, पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी विद्यार्थी तथा अभियान में सक्रिय सहभागिता करने वाले प्रतिभागी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए *माननीय कैबिनेट मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया* ने कहा कि नशे के दुष्परिणामों के प्रति समाज के प्रत्येक वर्ग को जागरूक करना आवश्यक है। अभियान की पहुंच *हर स्कूल और हर गांव तक* बनाने की दिशा में किए गए प्रयास सराहनीय हैं।

उन्होंने कहा कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य के लिए घातक होने के साथ-साथ *परिवार के बिखराव और सामाजिक समस्याओं का प्रमुख कारण* बनता है। यदि हमारे आसपास कोई व्यक्ति नशे से ग्रसित है तो उसका नकारात्मक प्रभाव पूरे परिवार और समाज पर पड़ता है। नशे की समस्या को कोई एक व्यक्ति या संस्था अकेले समाप्त नहीं कर सकती, बल्कि पूरे समाज को जागरूक होकर सामूहिक प्रयास करने होंगे।

उन्होंने झाबुआ पुलिस द्वारा संचालित *“नशे से दूरी है जरूरी 2.0”* अभियान की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे जन-जागरूकता अभियान समाज को नशामुक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
*पुलिस अधीक्षक झाबुआ श्री देवेंद्र पाटीदार* ने बताया कि अभियान के अंतर्गत झाबुआ पुलिस द्वारा जिले के समस्त थाना एवं चौकी टीमों तथा रक्षा सखी जागरूकता टीम के माध्यम से व्यापक स्तर पर जन-जागरूकता गतिविधियों एवं विभिन्न नवाचारों का आयोजन किया गया।
जिले के विद्यालयों, महाविद्यालयों, अस्पतालों, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन एवं अन्य सार्वजनिक स्थानों पर पुलिस टीमों द्वारा आमजन से संवाद कर नशे के दुष्परिणामों एवं नशा मुक्ति के संबंध में जागरूक किया गया।
अभियान के दौरान *मानव श्रृंखला, रंगोली, चित्रकला, निबंध, वाद-विवाद प्रतियोगिता एवं नुक्कड़ नाटक* जैसी रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों एवं आमजन तक नशे के विरुद्ध जागरूकता का संदेश पहुंचाया गया।स्कूली विद्यार्थियों ने विभिन्न प्रतियोगिताओं एवं नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से नशे के दुष्परिणामों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करते हुए नशामुक्त समाज के निर्माण का संदेश दिया।
अभियान के संदेश को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के उद्देश्य से *लघु फिल्मों का निर्माण* कर *सोशल मीडिया एवं विभिन्न मीडिया माध्यमों* के जरिए व्यापक प्रचार-प्रसार किया गया। डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से अभियान में सहयोग करने वाले नागरिकों, विद्यार्थियों एवं अन्य सहभागियों ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
झाबुआ पुलिस द्वारा अभियान के दौरान जिले में कुल *328 जन-जागरूकता कार्यक्रम* आयोजित किए गए, जिनके माध्यम से लगभग 61 हजार व्यक्तियों को नशे के दुष्परिणामों, नशे से होने वाले व्यक्तिगत एवं सामाजिक नुकसान तथा नशामुक्ति के प्रति जागरूक किया गया।
नशामुक्ति अभियान के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए झाबुआ पुलिस द्वारा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म *इंस्टाग्राम, फेसबुक एवं एक्स* पर रील्स, पोस्ट प्रसारित की गईं। इन पोस्ट एवं डिजिटल गतिविधियों को लगभग *1 करोड़ से अधिक व्यूज* प्राप्त हुए।
सोशल मीडिया के प्रभावी उपयोग के माध्यम से नशामुक्ति का संदेश जिले की सीमाओं से आगे व्यापक स्तर पर आमजन तक पहुंचाया गया।
कार्यक्रम में एडीएम *श्री सी.एस. सोलंकी* ने कहा कि शासन द्वारा चलाया गया यह अभियान समाज को नशामुक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार सामूहिक प्रयासों से नक्सलवाद जैसी चुनौती से निपटने में सफलता मिली है, उसी प्रकार सामूहिक जागरूकता एवं सामाजिक सहभागिता के माध्यम से नशे की समस्या को भी समाज से दूर किया जा सकता है।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों द्वारा *नुक्कड़ नाटक एवं रंगमंचीय प्रस्तुतियां* दी गईं, जिनके माध्यम से नशे के दुष्परिणामों एवं नशामुक्त समाज का प्रभावी संदेश दिया गया।
अभियान को सफल बनाने में उत्कृष्ट एवं सराहनीय योगदान देने वाले *प्रतिभागियों, विद्यार्थियों, नागरिकों एवं अन्य सहभागियों को माननीय कैबिनेट मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया द्वारा प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।*
कार्यक्रम के दौरान *“हर घर तिरंगा” अभियान* के अंतर्गत आमजन को राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान एवं राष्ट्रप्रेम की भावना से जोड़ने का संदेश दिया गया।
साथ ही राष्ट्रगीत *“वंदे मातरम्” के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में सामूहिक गायन* किया गया। उपस्थित जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों, पुलिस कर्मचारियों तथा विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक “वंदे मातरम्” का सामूहिक गायन कर *राष्ट्रीय एकता, अखंडता एवं देशभक्ति की भावना को मजबूत करने का संकल्प* लिया।
कार्यक्रम के अंत में *ट्रैफिक प्रभारी श्री रोहित निकम* द्वारा उपस्थित अतिथियों, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, विद्यार्थियों, शिक्षक एवं सभी सहभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।




