नानपुर में गुरु पूर्णिमा पर साई आस्था का महासंगम, 29 जुलाई को नगर गी बाबा की भव्य शोभायात्रा
जिला संवाददाता जीतेन्द्र प्रसाद वाणी
नानपुर। गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर आगामी 29 जुलाई, बुधवार को नानपुर स्थित साई धाम परिसर में आध्यात्मिक एवं भक्तिमय कार्यक्रमों का विराट आयोजन साई सेवा समिति के तत्वावधान में आयोजित किया जाएगा।
समिति के प्रदीप क्षिरसागर व देवेंद्र वाणी द्वारा जानकारी के अनुसार प्रातः 7:00 बजे से विद्वान पुरोहित पंडित अंतिम त्रिवेदी के मंत्रोच्चार एवं कुशल नेतृत्व में यजमान समूह एवं श्रद्धालुओं द्वारा साईनाथ का महाभिषेक, विधि-विधान से पूजन, दिव्य श्रृंगार एवं यज्ञ-हवन का पावन अनुष्ठान संपन्न होगा।

तत्पश्चात प्रातः 9:00 बजे गांधी चौराहा स्थित लघु साई मंदिर में विशेष आरती एवं प्रसादी वितरण के उपरांत साई बाबा की भव्य पालकी एवं मनोहारी शोभायात्रा नगर भ्रमण हेतु प्रस्थान करेगी। विविध वाद्य यंत्रों की मंगल ध्वनि एवं भजन मंडलियों के साथ नृत्य करते हुए श्रद्धालु “साई बाबा की जय” के जयघोष के साथ नगर का भ्रमण करेंगे। शोभायात्रा मार्ग में स्थान-स्थान पर तोरण द्वार सजाकर पुष्पवर्षा कर भव्य स्वागत एवं पूजन-अर्चन किया जाएगा।

दोपहर 12:00 बजे यह दिव्य शोभायात्रा बड़े साई मंदिर, साई धाम परिसर पहुंचेगी, जहाँ यज्ञ की पूर्णाहुति, 56 भोग, महाआरती एवं प्रसादी का वितरण किया जाएगा। इसके पश्चात दोपहर 12:30 बजे से सायं 4:00 बजे तक विशाल भंडारे का आयोजन किया गया है।
गुरु पूर्णिमा के विशेष अवसर पर आगंतुक अतिथियों द्वारा *’एक पौधा माँ के नाम’* अभियान के अंतर्गत परिसर में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि साई सेवा समिति द्वारा वर्षपर्यंत साई धाम परिसर में लोक कल्याणकारी सेवा प्रकल्पों का नियमित आयोजन किया जाता है, जिनमें रक्तदान शिविर, पर्यावरण संवर्धन हेतु पौधरोपण, शैक्षणिक जागरूकता कार्यक्रम तथा निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर प्रमुख हैं।
गुरु पूर्णिमा के इस पावन पर्व पर नानपुर सहित अलीराजपुर अंचल से हजारों श्रद्धालुओं के सम्मिलित होने की संभावना है। समिति ने सभी धर्मप्रेमी नागरिकों से सादर अनुरोध किया है कि वे कार्यक्रम में सहभागी होकर पुण्य लाभ अर्जित करें!




