28 जून रविवार को पल्स पोलियो अभियान, 2 लाख 12 हजार 380 बच्चों को पिलाई जाएगी पोलियो की दवा
रतलाम, मध्यप्रदेश जिला संवाददाता: दीपक सोनी
रतलाम, 27 जून। पल्स पोलियो अभियान के अंतर्गत रविवार, 28 जून को जिले के 0 से 5 वर्ष आयु के सभी बच्चों को पोलियो की दो बूंद दवा पिलाई जाएगी। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. किरण वाडीवा ने बताया कि इस वर्ष जिले में 2 लाख 12 हजार 380 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
अभियान के सफल संचालन के लिए जिले में 1,526 पोलियो बूथ बनाए गए हैं। इनमें 1,182 बी-टाइप बूथ, 344 सी-टाइप बूथ, 74 ट्रांजिट टीमें तथा 29 मोबाइल टीमें कार्य करेंगी। अभियान की निगरानी के लिए 200 सुपरवाइजर तैनात किए गए हैं। वहीं 3,052 वैक्सीनेटर, जिनमें एएनएम, आशा कार्यकर्ता, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं सीएचओ शामिल हैं, अपनी सेवाएं देंगे।
पोलियो की दवा सुबह 8:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक जिले के निकटतम स्वास्थ्य केंद्र, स्कूल एवं आंगनवाड़ी केंद्रों पर निःशुल्क पिलाई जाएगी।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. किरण वाडीवा ने सभी अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने 0 से 5 वर्ष आयु के प्रत्येक बच्चे को पोलियो की खुराक अवश्य पिलाएं।

जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. वर्षा कुरील ने बताया कि पोलियो एक गंभीर बीमारी है, लेकिन समय पर टीकाकरण और पल्स पोलियो की खुराक से इसका प्रभावी बचाव संभव है। उन्होंने कहा कि यदि बच्चे को नियमित टीकाकरण के सभी टीके लग चुके हों, तब भी पल्स पोलियो की अतिरिक्त खुराक अवश्य पिलाना आवश्यक है। यह दवा पूरी तरह सुरक्षित एवं निःशुल्क है।




