रतलाम. केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने 9 जुलाई की सुबह करीब 9:30 बजे गरोठ से चलकर दिल्ली मुंबई एक्सप्रेस वे पर असावती के पास जावरा सीमा में प्रवेश किया। जहां रतलाम कलेक्टर मिशा सिंह, एसपी अमित कुमार और जावरा एसडीएम रचना शर्मा ने उनका स्वागत कर अगवानी की। इसके बाद केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने अधिकारियों से चर्चा की और एक्सप्रेस-वे का निरीक्षण भी किया। कुछ देर रुकने के बाद वह वापस अपने वाहन में बैठे और फिर तेज रफ्तार से काफिला रतलाम की ओर रवाना हो गया। वे रतलाम से भी एक्सप्रेस-वे पर गुजरात के लिए रवाना हो गए हैं। एक दिन पहले उनके जावरा रुकने और यहां से जावरा उज्जैन ग्रीन फील्ड फोरलेन के भूमि पूजन करने की चर्चा थी। जिसमें मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के शामिल होने की प्रारंभिक सूचना के बाद प्रशासन ने अरनिया पिथा कृषि उपज मंडी प्रांगण में तैयारियां शुरू कर दी थी। लेकिन वह दौरा स्थगित हो गया और अब 9 जुलाई 2026 की सुबह केंद्रीय मंत्री गडकरी एक्सप्रेस-वे का निरीक्षण करते हुए सीधे जावरा व रतलाम से बाय रोड गुजरात तरफ निकल गए हैं। एनएचएआई के अधिकारी देवेंद्र चापेकर सहित पूरी टीम भी इस वक्त मौजूद रही।
रतलाम ब्यूरो चीफ वाजिद पठान की रिपोर्ट




