मानपुरा एवं हीरापुर में उत्साहपूर्वक मनाया गया जल अर्पण दिवस
रणवीर सिंह सिसोदिया जिला ब्यूरो

झाबुआ, 24 जुलाई 2026। जल शक्ति मंत्रालय, भारत सरकार के दिशा-निर्देशानुसार हर घर जल घोषित ग्रामों में आयोजित किए जा रहे जल अर्पण दिवस के अंतर्गत शुक्रवार को ग्राम मानपुरा एवं हीरापुर में विभिन्न जनजागरूकता गतिविधियों के साथ कार्यक्रम आयोजित किया गया।
ग्राम मानपुरा में आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता ग्राम पंचायत सरपंच श्रीमती गंगा बढ़िया नलवाया ने की। कार्यक्रम में नोडल अधिकारी अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) श्री महेश मंडलोई तथा ग्राम हीरापुर में नोडल अधिकारी कार्यपालन यंत्री श्री सी.एच. अलावा की उपस्थिति में मां सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया।
कार्यक्रम के प्रारंभ में ग्रामवासियों में स्वच्छता एवं जल संरक्षण के प्रति जागरूकता लाने के उद्देश्य से ग्राम जल एवं स्वच्छता समिति, स्वयं सहायता समूहों, युवाओं एवं ग्रामीणों की सहभागिता से प्रभात फेरी एवं जल संरक्षण संबंधी गीतों के माध्यम से जनजागरूकता रैली निकाली गई। इसके पश्चात जल संरक्षण, सुरक्षित जल उपयोग तथा जल स्रोतों के संरक्षण के लिए सभी उपस्थितजनों को सामूहिक शपथ दिलाई गई। नल पंप हाउस पर धागा बांधकर जल स्रोतों की सुरक्षा एवं जिम्मेदार उपयोग का संदेश भी दिया गया।
कार्यक्रम के दौरान आकर्षक रंगोली सजाई गई तथा फील्ड टेस्ट किट (FTK) के माध्यम से पेयजल की गुणवत्ता की जांच का प्रदर्शन किया गया। सरपंच एवं मुख्य अतिथियों द्वारा ग्राम को हर घर जल प्रमाणित ग्राम के रूप में सम्मानित किया गया। साथ ही ग्राम जल एवं स्वच्छता समिति, स्वयं सहायता समूहों के सदस्यों तथा पंप ऑपरेटरों को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर अनुविभागीय अधिकारी श्री महेश मंडलोई ने उपस्थित ग्रामीणों को जल अर्पण दिवस के महत्व एवं जल संरक्षण के प्रति सामुदायिक सहभागिता की आवश्यकता से अवगत कराया। सहायक यंत्री श्री दयालु राठौर ने जल जीवन मिशन अंतर्गत योजनाओं के संचालन एवं संधारण की विस्तृत जानकारी प्रदान की।
कार्यक्रम में कार्यपालन यंत्री श्री सी.एस.अलावा, सहायक यंत्री श्री दयालु राठौर, उपयंत्री सुश्री वर्षा कौशल, ब्लॉक समन्वयक, स्वास्थ्य विभाग के सीएचओ, ग्राम पंचायत के उपसरपंच, सचिव, पंचगण, ग्राम जल एवं स्वच्छता समिति के पदाधिकारी, स्वयं सहायता समूहों के सदस्य तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन जिला सलाहकार श्री धूलिया बामनिया ने किया।




