“नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0″ अभियान के छठे दिवस झाबुआ पुलिस का व्यापक जनजागरूकता अभियान जारी
जिलेभर में मानव श्रृंखला बनाकर दिया नशामुक्त जीवन अपनाने का संदेश, विभिन्न माध्यमों से आमजन को किया गया जागरूक
रणवीर सिंह सिसोदिया जिला ब्यूरो झाबुआ
मध्यप्रदेश शासन के नशामुक्त समाज निर्माण के संकल्प को साकार करने तथा माननीय मुख्यमंत्री मध्यप्रदेश शासन *डॉ. मोहन यादव* की प्रेरणा एवं मध्यप्रदेश पुलिस के पुलिस महानिदेशक *श्री कैलाश मकवाना* के निर्देशन में संचालित 15 दिवसीय *”नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0″* अभियान के अंतर्गत झाबुआ पुलिस द्वारा पुलिस अधीक्षक *श्री देवेन्द्र पाटीदार* के नेतृत्व में जिलेभर में निरंतर प्रभावी जनजागरूकता गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। अभियान का उद्देश्य युवाओं एवं आमजन को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए स्वस्थ, सुरक्षित एवं नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए प्रेरित करना है।

अभियान के *छठे दिवस* जिले के सभी थाना क्षेत्रों में पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों एवं आम नागरिकों की सहभागिता से *वृहद मानव श्रृंखला* का निर्माण किया गया। मानव श्रृंखला के माध्यम से समाज को यह संदेश दिया गया कि नशा केवल व्यक्ति ही नहीं, बल्कि उसके परिवार, समाज एवं भविष्य को भी प्रभावित करता है। उपस्थित सभी लोगों ने नशे से दूर रहने तथा अन्य लोगों को भी नशामुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया।

नशा मुक्ति अभियान के अंतर्गत पुलिस अधीक्षक झाबुआ *श्री देवेंद्र पाटीदार* द्वारा मिशन स्कूल, झाबुआ में विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को नशे के सेवन से होने वाले शारीरिक, मानसिक, सामाजिक एवं पारिवारिक दुष्परिणामों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। उन्होंने उपस्थित विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य, शिक्षा, भविष्य और समाज पर गंभीर नकारात्मक प्रभाव डालता है। इसलिए सभी को नशे से दूर रहकर स्वस्थ, सुरक्षित एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनानी चाहिए।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को नशे के प्रति जागरूक रहने, स्वयं नशे से दूर रहने तथा अपने परिवार एवं समाज को भी नशामुक्त बनाने के लिए प्रेरित किया गया। अंत में सभी उपस्थितजनों को नशामुक्त जीवन अपनाने एवं समाज को नशामुक्त बनाने में सक्रिय सहयोग देने की शपथ भी दिलाई गई।

साथ ही अभियान के दौरान झाबुआ पुलिस की *नशा मुक्ति जागरूकता टीम* द्वारा *”नशा मुक्ति रथ”* के माध्यम से जिलेभर में प्रचार-प्रसार किया गया। जागरूकता वाहन द्वारा विभिन्न गांवों, कस्बों, सार्वजनिक स्थलों एवं प्रमुख बाजारों में भ्रमण कर ध्वनि प्रसारण के माध्यम से नशे के दुष्परिणामों एवं नशामुक्त जीवन के महत्व की जानकारी दी गई।
इसके साथ ही जिले के सभी थाना क्षेत्रों में पुलिस टीमों द्वारा *पेम्फलेट वितरण, बैनर एवं पोस्टर प्रदर्शन, लघु फिल्मों का प्रदर्शन, नुक्कड़ नाटकों का आयोजन तथा सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स के माध्यम से डिजिटल जागरूकता अभियान* चलाया गया। इन गतिविधियों के माध्यम से युवाओं, विद्यार्थियों, महिलाओं एवं आम नागरिकों को नशे के दुष्प्रभावों, उससे बचाव के उपायों तथा आवश्यकता पड़ने पर उपलब्ध पुनर्वास एवं सहायता सेवाओं की जानकारी प्रदान की गई।
आज झाबुआ पुलिस टीम व्दारा जिले में *30* जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर लगभग *5300* नागरिको को जागरूक किया गया।
झाबुआ पुलिस द्वारा अभियान के दौरान नागरिकों से अपील की गई कि वे स्वयं नशे से दूर रहें, अपने परिवार एवं समाज को भी इसके प्रति जागरूक करें तथा यदि किसी क्षेत्र में अवैध मादक पदार्थों के निर्माण, बिक्री अथवा तस्करी संबंधी कोई जानकारी प्राप्त हो तो तत्काल पुलिस को सूचित करें। आमजन द्वारा दी गई सूचना को पूर्णतः गोपनीय रखा जाएगा तथा दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
झाबुआ पुलिस का यह अभियान आगामी दिनों में भी जिलेभर में निरंतर जारी रहेगा। विभिन्न नवाचारों एवं जनसहभागिता आधारित कार्यक्रमों के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों तक नशामुक्ति का संदेश पहुंचाकर *”नशामुक्त झाबुआ”* के लक्ष्य को साकार करने का सतत प्रयास किया जाएगा।




