रतलाम मध्यप्रदेश जिला संवाददाता दीपक सोनी
थाना ताल पुलिस को बड़ी सफलता: ग्राम सनखेड़ी (डेलवास) में हुई लूट का 24 घंटे के भीतर खुलासा, 2 आरोपी गिरफ्तार
रतलाम, 31 जुलाई 2026। थाना ताल पुलिस ने ग्राम सनखेड़ी (डेलवास) में व्यापारी के साथ हुई लूट की घटना का 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया होम थिएटर, एलईडी टीवी एवं नकद 5 हजार रुपये बरामद किए हैं।
पुलिस अधीक्षक रतलाम श्री अमित कुमार (भा.पु.से.) के निर्देशन में गंभीर अपराधों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री विवेक कुमार लाल एवं एसडीओपी आलोट सुश्री पल्लवी गौर के मार्गदर्शन में थाना ताल पुलिस ने यह महत्वपूर्ण सफलता हासिल की।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 30 जुलाई 2026 को फरियादी दिलीप प्रजापत (36 वर्ष), निवासी ग्राम बंगवान, थाना करैरा, जिला शिवपुरी, अपने साथियों के साथ दिल्ली से गैस चूल्हे, होम थिएटर एवं एलसीडी खरीदकर ग्रामीण क्षेत्रों में विक्रय करने आया था। ग्राम सनखेड़ी (डेलवास) में एक निर्माणाधीन मकान के पास दो व्यक्तियों ने उससे एक होम थिएटर, एक एलसीडी तथा 5 हजार रुपये छीन लिए।
फरियादी की रिपोर्ट पर थाना ताल में अपराध क्रमांक 386/2026 धारा 309(4), 309(6) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई।
घटना की गंभीरता को देखते हुए थाना ताल पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए फरियादी द्वारा बताए गए आरोपियों की पहचान की और उन्हें गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में रंजीत उर्फ रणजीत पिता रमेश जयसवाल (कलाल), उम्र 34 वर्ष, निवासी ग्राम सनखेड़ी (डेलवास) तथा शिवनारायण उर्फ शिवचरण पिता मांगीलाल मोगिया, उम्र 48 वर्ष, निवासी ग्राम डेलवास शामिल हैं।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया एक होम थिएटर, एक एलईडी टीवी एवं नकद 5 हजार रुपये बरामद कर लिए हैं। मामले में आगे की विवेचना जारी है।
सराहनीय भूमिका
प्रकरण के त्वरित खुलासे में थाना प्रभारी निरीक्षक स्वराज डाबी, उप निरीक्षक कांतिलाल सोनार्थी, सहायक उप निरीक्षक मदनसिंह डोडिया, प्रधान आरक्षक निकोलस लकड़ा तथा आरक्षक नितिन सक्सेना, निलेश शर्मा एवं हरीशंकर सविता की महत्वपूर्ण एवं सराहनीय भूमिका रही।




