जाट समाज मनावर ने किया अंतर्राष्ट्रीय जाट संसद के पदाधिकारियों का सम्मान
1 सितंबर को भोपाल में होगा महासंकल्प सम्मेलन

मनावर। जिला धार। अंतर्राष्ट्रीय जाट संसद द्वारा वीर तेजाजी महाराज के सम्मान एवं समाजहित से जुड़े विभिन्न संकल्पों को लेकर निकाली जा रही संकल्प यात्रा के तहत 12 अगस्त 2026 को निमाड़ क्षेत्र में आमंत्रण एवं जनसंपर्क कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत धामनोद से हुई, जहां अंतर्राष्ट्रीय जाट संसद के राष्ट्रीय अध्यक्ष सम्माननीय मन्नू चौधरी, प्रदेश अध्यक्ष ईश्वरलाल जाट सहित अन्य पदाधिकारियों का जाट समाज द्वारा गरिमामय स्वागत एवं सम्मान किया गया। धामनोद स्थित अतिथि होटल में आयोजित कार्यक्रम में जाट समाज के पदाधिकारियों एवं समाजजनों ने अंतर्राष्ट्रीय जाट संसद के प्रतिनिधियों का भे आत्मीय सम्मान किया। इस दौरान आगामी 1 सितंबर 2026 को भोपाल में आयोजित होने वाले महासंकल्प सम्मेलन का निमंत्रण भी समाजजनों को दिया गया। कार्यक्रम में सामाजिक एकता, भाईचारे, समाजहित तथा वीर तेजाजी महाराज के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने सहित विभिन्न विषयों पर सकारात्मक चर्चा हुई। उपस्थित समाजजनों ने सामाजिक एकजुटता को मजबूत करने और समाजहित के कार्यों में सक्रिय सहभागिता का संकल्प लिया।

*वीर तेजाजी महाराज के सम्मान के लिए संकल्प यात्रा* अंतर्राष्ट्रीय जाट संसद द्वारा निकाली जा रही यह संकल्प यात्रा वीर तेजाजी महाराज के त्याग, शौर्य, सत्य एवं सामाजिक आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से आयोजित की जा रही है। लगभग एक माह तक चलने वाली यह यात्रा 1 सितंबर 2026 को भोपाल में आयोजित होने वाले महासंकल्प कार्यक्रम के साथ पूर्ण होगी। संकल्प यात्रा के प्रमुख उद्देश्यों में वीर तेजाजी दशमी के अवसर पर सार्वजनिक अवकाश घोषित करने की मांग, वीर तेजाजी महाराज की जीवनी को शैक्षणिक पाठ्यक्रम में शामिल करवाने का संकल्प तथा उनके त्याग, शौर्य, सत्य और सामाजिक आदर्शों का व्यापक प्रचार-प्रसार करना शामिल है। समाजजनों ने कहा कि वीर तेजाजी महाराज केवल जाट समाज के गौरव ही नहीं, बल्कि सत्य, वचनबद्धता, त्याग और साहस के प्रेरणास्रोत हैं। उनके जीवन एवं आदर्शों को नई पीढ़ी तक पहुंचाना समाज की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।

*मनावर में भी हुआ पदाधिकारियों का सम्मान* निमाड़ क्षेत्र के आमंत्रण कार्यक्रम के दौरान अंतर्राष्ट्रीय जाट संसद के पदाधिकारियों का मनावर में भी जाट समाज द्वारा आत्मीय स्वागत और शाल श्रीफल से सम्मान किया गया। इस अवसर पर वरिष्ठ सेवानिवृत भगवानदास जाट, नपा नेता प्रतिपक्ष श्रीमती लक्ष्मी जाट, रतनलाल जाट, राधेश्याम मुकाती जाट, सुरेशचंद जाट, महेंद्र जाट, धर्मेंद्र जाट, अंकित जाट, राधेश्याम पाटीदार, महेंद्र भावसार, शशिकांत तिवारी, निधी जाट सहित समाज बड़ी संख्या में समाजजन कार्यक्रम में मौजूद रहे।

*समाज की एकजुटता ही शक्ति* कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि समाज की एकजुटता ही उसकी सबसे बड़ी शक्ति है। सामाजिक भाईचारे, आपसी सहयोग और महापुरुषों के सम्मान के लिए सभी समाजजनों को मिलकर कार्य करना चाहिए। अंतर्राष्ट्रीय जाट संसद द्वारा चलाया जा रहा यह अभियान सामाजिक चेतना और एकजुटता को नई दिशा देने वाला प्रयास है। कार्यक्रम के अंत में जाट समाज धामनोद एवं निमाड़ क्षेत्र की ओर से अंतर्राष्ट्रीय जाट संसद के राष्ट्रीय अध्यक्ष मन्नू चौधरी, प्रदेश अध्यक्ष ईश्वरलाल जाट सहित सभी पदाधिकारियों एवं उपस्थित अतिथियों का हार्दिक आभार व्यक्त किया गया। समाजजनों से 1 सितंबर 2026 को भोपाल में होने वाले महासंकल्प सम्मेलन में अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता कर वीर तेजाजी महाराज के सम्मान और समाजहित के संकल्पों को मजबूत करने का आह्वान किया।

प्रदेश की कलम मध्य प्रदेश हेड भगवान मुजाल्दा की रिपोर्ट




