नानपुर ग्राम पंचायत में शान से फहराया तिरंगा, हर्षोल्लास से मना 80वां स्वतंत्रता दिवस

नानपुर। ग्राम पंचायत नानपुर परिसर में प्रतिवर्षानुसार इस वर्ष भी सार्वजनिक ध्वजारोहण कार्यक्रम हर्षोल्लास एवं देशभक्ति के वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में विभिन्न शासकीय एवं गैर-शासकीय विद्यालयों के छात्र-छात्राओं सहित गणमान्य नागरिक, पत्रकारगण, पंचगण, उपसरपंच एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर नगर के स्वामी विवेकानंद स्कूल, ज्ञानदीप स्कूल, श्री विद्या पब्लिक स्कूल, शिक्षा संस्कार, संकल्प विद्या मंदिर, सरस्वती विद्या मंदिर सहित अनेक विद्यालयों के विद्यार्थी प्रभात फेरी के रूप में पंचायत परिसर पहुंचे। ग्राम की प्रथम नागरिक सरपंच श्रीमती सकरी मौर्य ने गाँधी प्रतिमा पर पूजन कर ध्वज फहरा कर राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी।

इस अवसर पर विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शानदार प्रस्तुतियां दीं। नन्हे-मुन्ने बच्चों की मनमोहक देशभक्ति प्रस्तुतियों से उपस्थित जनसमुदाय भाव-विभोर हो गया। मंच से बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें नगद राशि प्रदान की गई।

कार्यक्रम के प्रारंभ में पंचायत सचिव भूरसिंह चौहान ने अतिथियों एवं उपस्थित जनप्रतिनिधियों को गमछा पहनाकर एवं बैच लगाकर अभिनंदन किया। कार्यक्रम का सफल संचालन देवेंद्र वाणी ने किया, जबकि आभार उपसरपंच प्रतिनिधि जितेन्द्र प्रसाद वाणी ने माना।

कार्यक्रम के पश्चात ग्राम सभा का आयोजन

ध्वजारोहण कार्यक्रम के पश्चात ग्राम पंचायत प्रांगण में ग्राम सभा का आयोजन किया गया। ग्राम सभा में ग्रामीणों ने अपने-अपने वार्डों की विभिन्न समस्याओं को लेकर लिखित एवं मौखिक रूप से आवेदन प्रस्तुत किए।

ग्रामीणों ने नाली निर्माण, स्ट्रीट लाइट, सब्जी मार्केट, साफ-सफाई सहित अन्य स्थानीय समस्याओं के निराकरण की मांग रखी। पंचायत द्वारा ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया गया।
✍️ नानपुर से जितेन्द्र प्रसाद वाणी




