मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत राणापुर में जन-विश्वास शिविर आयोजित
शिविर में प्राप्त हुए 54 आवेदन, भ्रमण सप्ताह में सीएम हेल्पलाइन की 273 में से 178 शिकायतों का निराकरण
सीएम हेल्पलाइन जनसमस्याओं के निराकरण का महत्वपूर्ण माध्यम—कलेक्टर
निरीक्षण, जनसंवाद और त्वरित समाधान से मजबूत होगा जनता का विश्वास—कलेक्टर
झाबुआ से चंद्रशेखर राठौर की विशेष खबर।
झाबुआ जिले की राणापुर में मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के अंतर्गत शनिवार को राणापुर विकासखंड में जन-विश्वास शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में आमजन की समस्याओं एवं मांगों से संबंधित कुल 54 आवेदन प्राप्त हुए। अभियान के तहत राणापुर विकासखंड में भ्रमण सप्ताह के दौरान सीएम हेल्पलाइन की लंबित 273 शिकायतों में से 178 शिकायतों का निराकरण किया गया तथा अब मात्र 95 शिकायतें शेष हैं। अभियान के दौरान करीब 120 अधिकारियों द्वारा विभिन्न शासकीय संस्थाओं एवं क्षेत्रों का मैदानी निरीक्षण भी किया गया।

कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट ने कहा कि मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की पहल पर 7 अगस्त से प्रारंभ किया गया है और 29 अगस्त को इसका चौथा आयोजन किया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य केवल बैठकों तक सीमित न रहकर अधिकारियों को धरातल पर जाकर शासकीय संस्थाओं एवं योजनाओं का निरीक्षण करने, जनता एवं जनप्रतिनिधियों की समस्याओं को सुनकर उनका समाधान करने तथा हितग्राहियों से सीधा संवाद स्थापित करने के लिए प्रेरित करना है। इससे शासन एवं प्रशासन के प्रति आमजन का विश्वास और मजबूत होगा।

कलेक्टर ने कहा कि सीएम हेल्पलाइन जनसमस्याओं एवं शिकायतों के निराकरण का महत्वपूर्ण माध्यम है। राणापुर विकासखंड में 273 शिकायतों में से अब केवल 95 शिकायतें शेष हैं। इसी प्रकार जिले में 4 हजार से अधिक शिकायतों में से लगभग 1700 शिकायतें ही शेष हैं। उन्होंने अधिकारियों को शेष शिकायतों का भी संवेदनशीलता एवं प्राथमिकता के साथ निराकरण करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर डॉ. भरसट ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कन्जावानी में पदस्थ स्टाफ नर्स के सेवाभाव का उदाहरण देते हुए अधिकारियों-कर्मचारियों से कहा कि शासकीय नौकरी को केवल दायित्व नहीं, बल्कि जनसेवा के अवसर के रूप में देखें। उन्होंने कहा कि राणापुर प्राथमिकता वाला क्षेत्र है। विद्युत संबंधी समस्याओं का त्वरित समाधान किया जाए तथा यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी क्षेत्र बिजली से वंचित न रहे। बारिश की कमी की स्थिति को देखते हुए जल संरक्षण संबंधी संरचनाओं के निर्माण एवं जल संवर्धन के कार्यों पर भी विशेष ध्यान दिया जाए।

उन्होंने राणापुर नगर की समस्याओं के समाधान के लिए सभी विभागों को समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। नगर में यातायात व्यवस्था सुचारू रखने, मंडी को सुव्यवस्थित करने तथा नगरीय क्षेत्र में स्वच्छता एवं सौंदर्यीकरण के कार्य करने को कहा। साथ ही कृषि एवं संबद्ध विभागों के अधिकारियों को खेतों में जाकर फसलों का निरीक्षण करने, कृषकों को तकनीकी जानकारी एवं आवश्यक सुझाव देने तथा उनकी समस्याओं का मौके पर समाधान करने के निर्देश दिए।
जनता से जुड़कर समस्याओं के समाधान का प्रयास—पुलिस अधीक्षक

पुलिस अधीक्षक देवेन्द्र पाटीदार ने कहा कि मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के माध्यम से आमजन की समस्याओं एवं शिकायतों के निराकरण के साथ विभिन्न योजनाओं के हितलाभ का वितरण एक ही मंच पर किया जा रहा है। अभियान के माध्यम से प्रशासन सीधे जनता और जनप्रतिनिधियों से जुड़कर उनकी समस्याओं के समाधान का प्रयास कर रहा है।
उन्होंने कहा कि राणापुर की यातायात संबंधी समस्या के समाधान के लिए विभिन्न विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करना होगा और इसमें आमजन का सहयोग भी आवश्यक है। अतिक्रमण हटाने एवं बाजार शिफ्टिंग जैसे विषयों पर सभी संबंधित पक्षों के समन्वय से प्रभावी कार्रवाई की जा सकती है। योजनाओं एवं निर्णयों के प्रभावी क्रियान्वयन तथा नियमित मॉनिटरिंग से समस्याओं का स्थायी समाधान संभव है।

मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत जितेन्द्र सिंह चौहान ने कहा कि मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान को आगामी समय में क्लस्टर स्तर पर भी आयोजित किया जाएगा, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचकर उनकी समस्याओं का स्थानीय स्तर पर निराकरण सुनिश्चित किया जा सके।
जनसंवाद में जनप्रतिनिधियों ने रखीं क्षेत्र की समस्याएं
अभियान के तहत आयोजित जनसंवाद में उपस्थित जनप्रतिनिधियों से संवाद कर उनकी मांगों एवं समस्याओं को सुना गया। नगर परिषद अध्यक्ष सुश्री दीपमाला नलवाया ने नगर में यातायात जाम एवं पेयजल संबंधी समस्याओं से अवगत कराया।
जनपद अध्यक्ष श्रीमती निर्मला भानु भूरिया ने निर्माण कार्यों की राशि तथा प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत किश्त समय पर प्राप्त नहीं होने से संबंधित विषय रखा। जिला पंचायत सदस्य श्री विजय भाबोर ने शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय राणापुर में गणित शिक्षक की अनुपलब्धता तथा भामसी नदी पर स्थित स्टॉप डैम के मेंटेनेंस की मांग रखी।
यशस्वी एवं उद्यम संवाद में हितग्राहियों ने सुनाई अपने सपनों और सफलता की कहानी
शिविर में आयोजित यशस्वी एवं उद्यम संवाद के दौरान विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों ने कलेक्टर एवं उपस्थित अधिकारियों से संवाद कर अपने स्वरोजगार की शुरुआत, सपनों और सफलता के सफर के बारे में बताया।
मध्यप्रदेश डे-राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन (NRLM) से लाभान्वित श्रीमती रमिला हटिला ने पशुपालन, मुर्गीपालन, किराना दुकान एवं ढाबा व्यवसाय तथा श्रीमती कमीला खराडी ने सब्जी दुकान के माध्यम से स्वरोजगार की दिशा में आगे बढ़ने के अपने अनुभव साझा किए। मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना से लाभान्वित श्रीमती अनिता पांचाल ने किराना दुकान के संचालन और उससे आजीविका में आए बदलाव के संबंध में बताया।

पशुपालन विभाग से लाभान्वित पवन नायक ने अपनी सफलता की कहानी साझा करते हुए बताया कि उन्होंने मात्र 5 लीटर दुग्ध उत्पादन से शुरुआत की थी और निरंतर मेहनत एवं व्यवसाय के विस्तार से आज उनका दुग्ध उत्पादन बढ़कर लगभग 200 लीटर तक पहुंच गया है। उन्होंने अपने छोटे से प्रयास को सफल डेयरी व्यवसाय में बदलने की यात्रा के बारे में बताया।
इसी प्रकार उद्यानिकी विभाग की PMFME योजना से लाभान्वित दिनेश बहादुर वसुनिया ने आटा चक्की व्यवसाय के माध्यम से स्वरोजगार स्थापित करने के अपने अनुभव साझा किए। हितग्राहियों ने बताया कि शासन की योजनाओं से मिले सहयोग ने उन्हें अपने सपनों को स्वरोजगार से जोड़ने और आर्थिक रूप से आगे बढ़ने का अवसर प्रदान किया।
इस दौरान जनप्रतिनिधिगण, सहायक कलेक्टर सुश्री आयुषी बंसल, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व झाबुआ महेश कुमार मंडलोई सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में हितग्राही उपस्थित रहे।




