हर घर तिरंगा अभियान में व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित करें—कलेक्टर डॉ. भरसट
09 से 17 अगस्त तक जिलेभर में आयोजित होंगी तिरंगा यात्रा, रैली एवं विभिन्न देशभक्तिपूर्ण गतिविधियां
14 अगस्त को गरिमापूर्ण ढंग से मनाया जाएगा विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस
रणवीर सिंह सिसोदिया ब्यूरो चीफ

झाबुआ, 08 अगस्त 2026। भारत सरकार, संस्कृति मंत्रालय के निर्देशानुसार जिले में 09 से 17 अगस्त 2026 तक “हर घर तिरंगा अभियान-2026” व्यापक जनभागीदारी एवं देशभक्ति की भावना के साथ संचालित किया जाएगा। कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट ने अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए सभी संबंधित विभागों एवं अधिकारियों को आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि अभियान को जन-आंदोलन का स्वरूप देते हुए अधिक से अधिक नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित की जाए।

कलेक्टर डॉ. भरसट ने निर्देश दिए कि जिला, विकासखंड एवं ग्राम पंचायत स्तर तक अभियान की गतिविधियां आयोजित की जाएं। इसमें स्थानीय निकायों, पंचायती राज संस्थाओं, स्वयं सहायता समूहों, शिक्षण संस्थानों, ग्राम जल एवं स्वच्छता समितियों, स्कूली विद्यार्थियों, स्वयंसेवकों, अग्रिम पंक्ति के कार्यकर्ताओं एवं आम नागरिकों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित की जाए।
*तिरंगा यात्रा, रैली एवं सांस्कृतिक गतिविधियों का होगा आयोजन*
कलेक्टर ने निर्देश दिए कि अभियान के दौरान तिरंगा यात्रा, तिरंगा मेला, तिरंगा कंसर्ट, तिरंगा बाइक, ई-बाइक एवं साइकिल रैली, मानव श्रृंखला, तिरंगा एंथम, तिरंगा संगीत कार्यक्रम एवं नुक्कड़ नाटकों सहित विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएं। इसके अतिरिक्त तिरंगा आधारित कला एवं प्रदर्शनी, तिरंगा रंगोली, तिरंगा बुनाई, प्रश्नोत्तरी, तिरंगा सजावट एवं प्रकाश व्यवस्था तथा सैन्य बलों के जवानों एवं पुलिसकर्मियों के लिए पत्र लेखन जैसी गतिविधियां भी आयोजित की जाएं।
उन्होंने स्थानीय स्वयं सहायता समूहों एवं उचित मूल्य की दुकानों के माध्यम से आम नागरिकों के लिए पर्याप्त मात्रा में खादी एवं पॉलिएस्टर के राष्ट्रीय ध्वज उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही घरों, कार्यालयों एवं अन्य उपयुक्त स्थानों पर तिरंगा फहराने तथा अभियान के दौरान अधिकाधिक तिरंगा दृश्यता सुनिश्चित करने को कहा।
*“वंदे मातरम” के 150 वर्ष पूर्ण होने के उत्सव से जुड़ेगा अभियान*
इस वर्ष हर घर तिरंगा अभियान को राष्ट्रीय गीत “वंदे मातरम” के 150 वर्ष पूर्ण होने के उत्सव से भी जोड़ा गया है। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि अभियान अवधि के दौरान आयोजित सभी प्रत्यक्ष कार्यक्रमों में राष्ट्रीय गीत “वंदे मातरम” का गायन तथा राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराना अथवा प्रदर्शित करना सुनिश्चित किया जाए।
शासकीय कार्यक्रमों, शिक्षण संस्थानों एवं सार्वजनिक सभाओं में जहां राष्ट्रगीत एवं राष्ट्रगान दोनों प्रस्तुत किए जाएं, वहां पहले “वंदे मातरम” तथा उसके पश्चात राष्ट्रगान “जन गण मन” का गायन किया जाए। राष्ट्रगीत के गायन के दौरान सभी अधिकारी-कर्मचारी एवं नागरिक सावधान की मुद्रा में सम्मानपूर्वक खड़े रहें तथा शासकीय कार्यालयों एवं महाविद्यालयों में निर्धारित छंद का शुद्ध एवं गरिमापूर्ण गायन सुनिश्चित किया जाए।
*तिरंगे के साथ सेल्फी पोर्टल पर अपलोड करने के लिए करें प्रेरित*
कलेक्टर डॉ. भरसट ने अभियान में डिजिटल सहभागिता बढ़ाने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नागरिकों को तिरंगे के साथ अपनी सेल्फी हर घर तिरंगा पोर्टल पर अपलोड करने एवं सोशल मीडिया के माध्यम से अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के लिए प्रेरित किया जाए। पोर्टल पर तिरंगे के साथ अपलोड की जाने वाली तस्वीर पर “वंदे मातरम” अंकित रहेगा।
अभियान के तहत आयोजित गतिविधियों के वीडियो, छायाचित्र एवं संक्षिप्त विवरण भी निर्धारित पोर्टल पर अपलोड किए जाएं। सभी संबंधित विभाग अभियान से जुड़ी गतिविधियों एवं उपलब्धियों की जानकारी नियमित रूप से उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें।
*14 अगस्त को संवेदनशीलता एवं गरिमा के साथ मनाएं विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस*
कलेक्टर ने निर्देश दिए कि 14 अगस्त 2026 को “विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस” पूरी संवेदनशीलता एवं गरिमा के साथ मनाया जाए। इस अवसर पर देश के विभाजन के दौरान विस्थापन का दंश झेलने वाले तथा अपने प्राण गंवाने वाले नागरिकों का स्मरण करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की जाए।
जिला एवं संबंधित स्तरों पर शांति मार्च, मौन जुलूस एवं श्रद्धांजलि सभाओं का आयोजन किया जाए। विभाजन से प्रभावित परिवारों अथवा उनके प्रतिनिधियों को आमंत्रित कर उनके अनुभव साझा कराए जाएं। सार्वजनिक स्थलों, पुस्तकालयों एवं प्रमुख प्रशासनिक भवनों में विभाजन के ऐतिहासिक घटनाक्रम एवं विस्थापितों के संघर्ष को दर्शाने वाली चित्र एवं अभिलेख प्रदर्शनी लगाई जाए।
कलेक्टर डॉ. भरसट ने सभी संबंधित अधिकारियों को अभियान की गतिविधियों का सुव्यवस्थित आयोजन, व्यापक प्रचार-प्रसार, राष्ट्रीय ध्वज की पर्याप्त उपलब्धता तथा कार्यक्रमों का समुचित दस्तावेजीकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि “हर घर तिरंगा अभियान” को प्रत्येक नागरिक से जोड़ते हुए राष्ट्रीय एकता, अखंडता और देशभक्ति की भावना को और अधिक सुदृढ़ किया जाए।
मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री जितेन्द्रसिंह चौहान, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व झाबुआ श्री महेश मंडलोई, अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री अक्षय सिंह मरकाम, डिप्टी कलेक्टर्स एवं अन्य अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।




