कलेक्टर ने समग्र शिक्षा अभियान के 15 प्रमुख बिंदुओं की प्रगति की कलेक्टर ने की समीक्षा
प्रगति पोर्टल पर समय-सीमा में तथ्यात्मक एवं गुणवत्तापूर्ण जानकारी दर्ज करने के दिए निर्देश
संवाददाता भगवान मुजाल्दा –
धार, 10 जुलाई 2026।भारत सरकार के प्रगति (PRAGATI) पोर्टल पर प्रविष्टि हेतु समग्र शिक्षा अभियान से संबंधित 15 प्रमुख बिंदुओं की समीक्षा बैठक शुक्रवार को कलेक्टर श्री राजीव रंजन मीना की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग, जिला शिक्षा अधिकारी, जिला परियोजना समन्वयक, बीईओ, बीआरसी तथा विभिन्न शाखाओं के नोडल अधिकारियों ने भाग लिया।
बैठक में कलेक्टर श्री मीना ने समग्र शिक्षा अभियान के अंतर्गत विद्यालयों के उच्चतर माध्यमिक स्तर तक उन्नयन, माध्यमिक स्तर पर सकल नामांकन अनुपात (GER), राज्य मुक्त विद्यालय एवं एनआईओएस में नामांकन, निधियों के समयबद्ध उपयोग, बालिकाओं हेतु पृथक शौचालय एवं अन्य आधारभूत सुविधाओं की उपलब्धता, शिक्षा का अधिकार अधिनियम (आरटीई), व्यावसायिक शिक्षा, शिक्षक-विद्यार्थी अनुपात, समग्र प्रगति कार्ड (होलिस्टिक प्रोग्रेस कार्ड), विद्यार्थियों के सीखने के प्रतिफल, अपार आईडी (APAAR ID) निर्माण, डिजिटल संसाधनों सहित समग्र शिक्षा अभियान के सभी 15 प्रमुख बिंदुओं की विभागवार विस्तृत समीक्षा की।

कलेक्टर ने निर्देश दिए कि भारत सरकार के प्रगति पोर्टल पर की जाने वाली सभी प्रविष्टियां तथ्यात्मक, अद्यतन एवं उपलब्धियों पर आधारित हों। प्रत्येक बिंदु में धार जिले की विशिष्ट पहल, नवाचारों एवं स्थानीय परिस्थितियों का स्पष्ट उल्लेख किया जाए, ताकि जिले की उपलब्धियों का प्रभावी प्रस्तुतीकरण हो सके। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण एवं प्रमाणिक जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
बैठक में माध्यमिक स्तर पर शत-प्रतिशत नामांकन, अपार आईडी निर्माण, विद्यालयों में आधारभूत सुविधाओं की उपलब्धता, डिजिटल शिक्षा, व्यावसायिक शिक्षा, निर्माण कार्यों की प्रगति तथा उपलब्ध निधियों के समयबद्ध एवं प्रभावी उपयोग पर विशेष जोर दिया गया। कलेक्टर ने कहा कि शिक्षा से जुड़े सभी प्रमुख संकेतकों की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए तथा प्रत्येक स्तर पर उत्तरदायित्व तय कर जिले के प्रदर्शन में निरंतर सुधार लाया जाए।

बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी ने समग्र शिक्षा अभियान के विभिन्न घटकों की जिलेवार प्रगति, उपलब्धियों एवं आगामी कार्ययोजना का प्रस्तुतीकरण किया। अंत में सभी नोडल अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि प्रगति पोर्टल हेतु अंतिम एवं प्रमाणिक जानकारी निर्धारित समय-सीमा में उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें।




